2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा से मुकाबले के लिए विपक्षी दलों में सीट शेयरिंग को लेकर इंडिया गठबंधन में विवाद की खबरें भी निकलकर सामने आने लगी हैं। दरअसल, पश्चिम बंगाल में इंडिया के घटक दल सीट शेयरिंग को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। पंजाब में आप और कांग्रेस के बाद अब पश्चिम बंगाल में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच चल रही तकरार और बढ़ती दिख रही है। अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया है कि वे लोकसभा चुनाव के लिए राज्य की सीटों का ईमानदारी से बंटवारा नहीं कर रही हैं। कांग्रेस नेता ने यहां तक कह दिया कि ममता बनर्जी अलायंस ही नहीं चाहती हैं। सूत्रों के अनुसार, टीएमसी ने लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दो सीटें ऑफर की, जिसे पार्टी ने ठुकरा दिया है। इसके बाद पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर हमला बोला है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "उनसे कौन भीख मांगने गया पता नहीं.. ममता बनर्जी खुद कह रही हैं कि हम गठबंधन कर चुनाव लड़ेंगे। हमें उनकी दया की जरूरत नहीं है। हम अपने दम पर कुछ भी कर सकते हैं। वे नहीं चाहते कि गठबंधन हो क्योंकि अगर गठबंधन नहीं होता है तो सबसे ज्यादा खुशी पीएम मोदी को होगी और ममता बनर्जी आज पीएम मोदी की सेवा में लगी हुई हैं..."