Imran Masood on Priyanka Gandhi: प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के एक बयान को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दरअसल, प्रियंका गांधी को पीएम बनाने वाले बयान पर विवाद बढ़ने के बाद इमरान मसूद ने सफाई दी है। उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह बेवजह बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है।
अपने बयान पर सफाई देते हुए इमरान मसूद ने कहा, "प्रियंका गांधी के बारे में सवाल किया गया था और मैंने कहा था कि वे दूसरी इंदिरा गांधी हैं। इंदिरा गांधी के चश्मे से यदि हम इन्हें देखेंगे तो आपको समझ आएगा कि अगर इनके हाथों में कमान होती तो बांग्लादेश में हिंदुओं का वह हाल न होता जो हुआ है। राहुल गांधी हमारे सर्वमान्य नेता हैं।"
इमरान मसूद के इस बयान को लेकर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। शहजाद पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने साफ-साफ कहा है कि राहुल गांधी को हटाओ और प्रियंका गांधी को लाओ। राहुल गांधी से जनमत चला गया है, अब जनपद में भी परेशानी है। किसी को राहुल गांधी पर विश्वास नहीं है।"