उत्तर प्रदेश में गुरुवार को होने वाले चौथे दौर के लिए चुनाव प्रचार के लिए उम्मीदवार अब घर-घर जाकर लोगों से मिल रहे हैं। चौथे दौर में 12 जिलों की 53 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान है। चुनाव आयोग की तरफ़ से चुनाव की पूरी तैयारी की जा चुकी हैं। इस चरण में 1 करोड़ 84 लाख मतदाता कुल 680 उम्मीदवारों के किस्मत का फ़ैसला करेंगे। सबसे ज़्यादा कुल 26 उम्मीदवार इलाहाबाद उत्तरी सीट से चुनावी दंगल में हैं। चौथे दौर में जिन जिलों में वोटिंग होनी है वो हैं इलाहाबाद, झांसी, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, जालौन, महोबा, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर और कौशांबी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का लोकसभा क्षेत्र राय बरेली और केंद्रीय मंत्री उमा भारती का क्षेत्र झांसी भी शामिल हैं।