राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि फिलहाल शीतलहर जैसा कोई खतरा नहीं बताया गया है, लेकिन रात और सुबह की सर्दी पिछले दिनों की तुलना में और अधिक तीखी महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। इस अवधि में आसमान साफ़ रहेगा, जबकि रात के समय हल्की धुंध और सुबह के वक्त कोहरा बने रहने की संभावना है। बुधवार को भी सुबह से ठंडक का असर साफ महसूस किया गया, हालांकि दोपहर में सूर्य के हल्के ताप ने राहत दी।
बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.4 डिग्री अधिक था। आर्द्रता का स्तर भी दिनभर ऊंचा-नीचा रहा अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम 47 प्रतिशत।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान में अंतर देखने को मिला। लोधी रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आया नगर में तापमान 10.3 डिग्री, पालम में 9.7 डिग्री और रिज क्षेत्र में 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आईएमडी के विस्तृत पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में 11 दिसंबर से 16 दिसंबर के बीच मौसम साफ से लेकर हल्के बादलों वाला रहेगा। सुबह का कोहरा कई दिनों तक बना रहेगा और दृश्यता पर इसका असर पड़ सकता है। हवा की रफ्तार अधिकतर 5 से 25 किमी प्रति घंटा के बीच रहने की संभावना है।
10 दिसंबर को हल्के बादलों के साथ हवा की गति सबसे अधिक रह सकती है। 10 और 11 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह के वक्त कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद 12 से 16 दिसंबर के बीच हल्के बादल फिर लौटेंगे, जबकि सुबह का कोहरा लगातार बना रहेगा।
न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट का पूर्वानुमान है और यह 11 और 12 दिसंबर को 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अधिकतर दिनों में रात का पारा 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में रात और सुबह की ठंड और बढ़ेगी तथा कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है। इसलिए सुबह यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।