दिल्ली-एनसीआर में मानसून जाते-जाते एक बार फिर से असर दिखा रहा है, आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिन और बारिश का अलर्ट है, इस बार देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश देखने को मिल रही हैं, ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में फिर बारिश होने की संभावना है, रविवार से मंगलवार तक अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण पश्चिम बंगाल में बृहस्पतिवार को विजयदशमी के दिन कई जिलों में बारिश हुई, जिससे दुर्गा पूजा की रौनक फीकी पड़ गई। मौसम विभाग ने बताया कि 6 अक्तूबर सुबह तक भारी बारिश होने की संभावना है। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में बृहस्पतिवार सुबह से ही बादल छाए रहे और कई जगह तेज बारिश हुई। पूजा पंडालों और विसर्जन में शामिल लोगों को इस वजह से परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।