आईएमडी ने यूपी मौसम में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद सोमवार या मंगलवार से अधिकतम तापमान में भी गिरावट शुरू होने की बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल रविवार को भी मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने के आसार हैं। दो दिन बाद बंगाल की खाड़ी में बन रहे साइक्लोन की वजह से छिटपुट बारिश की संभावना है लेकिन इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश में किन जगहों पर या कितना पड़ेगा, यह कहना अभी मुश्किल है।
बात करें दिल्ली-एनसीआर की तो मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में 26 अक्तूबर से ही मौसम में बदलाव महसूस किया जाने लगेगा। 26 अक्तूबर की शाम से दिल्ली में हल्के बादलों की मौजूदगी देखी जाने लगेगी। हालांकि, 25 और 26 अक्तूबर को दिल्ली में सुबह के वक्त धुंध का प्रकोप देखा जा सकता है। इसके बाद मौसम तेजी से करवट लेगा। 27 अक्तूबर को दिल्ली में बादलों का डेरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 27 अक्तूबर की शाम या रात को हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जा सकती है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर में 28 अक्तूबर को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम में आया यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिखाई देगा।