दिल्ली के जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन लगातार 10वें दिन भी जारी है। 20 जून से शुरू हुए इस प्रदर्शन में हर दिन नए घटनाक्रम सामने आए हैं। प्रदर्शन की अवधि खत्म होने के बाद भी धरना जारी रहा, पुलिस के साथ कई बार नोकझोंक हुई, सुविधाओं को लेकर आरोप लगे और अब सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। आज फिर सीजेपी के संस्थापक ने एक्स पर वीडियो जारी किया जिसमें सोनम वांगचुक ने जानकारी दी कि ये उनके अनशन का दुसरा दिन है साथ ही उन्होंने लोगों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिन के लिए अनशन करने की अपील की।