CNG PNG Price Cut: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड यानी PNGRB ने गैस ट्रांसपोर्ट टैरिफ में बड़ा बदलाव करते हुए इसे युक्तिसंगत बनाने का फैसला किया है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। इससे उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 2-3 रुपये तक की बचत होने की उम्मीद है, जो राज्यों और स्थानीय करों के अनुसार अलग-अलग होगी।
PNGRB के सदस्य एके तिवारी ने बताया कि बोर्ड ने टैरिफ ढांचे को सरल बनाते हुए तीन जोन की व्यवस्था को खत्म कर अब दो जोन कर दिया है। वर्ष 2023 में लागू व्यवस्था के तहत 200 किलोमीटर तक के लिए 42 रुपये, 300 से 1,200 किलोमीटर के लिए 80 रुपये और 1,200 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 107 रुपये का टैरिफ तय था।
तिवारी ने कहा कि हमने टैरिफ को तर्कसंगत बनाया है। अब तीन की जगह दो जोन होंगे और पहला जोन पूरे देश में सीएनजी और घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू होगा। नई व्यवस्था के तहत जोन-1 का एकीकृत टैरिफ 54 रुपये तय किया गया है, जो पहले 80 और 107 रुपये तक था।