आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बेहद करीबी और अंत तक साथ देने वाले कैप्टन निजामुद्दीन अब इस दुनिया में नहीं रहे। निजामुद्दीन का सोमवार को निधन हो गया। वह 117 वर्ष के थे। उन्होंने आजमगढ़ जिले के अपने पैतृक गांव में अंतिम सांस ली। कैप्टन निजामुद्दीन ने आजाद हिंद फौज में शामिल होकर न सिर्फ अंग्रेजो के खिलाफ लड़ाई लड़ी बल्कि वो नेताजी सुभाषचंद्र बोस की गाड़ी भी चलाया करते थे। वह इकलौते व्यक्ति थे जो 117 वर्ष की अवस्था में भी राष्ट्रीय पर्व और अन्य सामाजिक कार्यो में हिस्सा लिया करते थे। उनके सुपुर्दे-खाक में डीएम-एसपी के साथ ही हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।