‘व्यापारी आयोग’ के गठन की मांग के समर्थन में वाराणसी नगर युवा उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले सैकड़ों व्यापारियों ने शुक्रवार को बाबा कीनाराम आश्रम से पीएम के संसदीय कार्यालय तक मार्च किया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन स्वीकार न करने पर वहीं धरने पर बैठ गए और नारे लगाने लगे। बाद में मांग पत्र स्वीकार किया गया तो शांत हुए। मार्च के दौरान व्यापारी नारे लिखी तख्तियां लिए थे। नारे लग रहे थे-व्यापारियों की यही पुकार, व्यापारी आयोग अबकी बार। जो आयोग की बात करेगा, वही प्रदेश पर राज करेगा। मार्च के बाद सभा के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है।