फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BSP MLA Umashankar Singh Death News: यूपी में बसपा के विधायक उमा शंकर सिंह का निधन

Thu, 06 Aug 2026 02:45 AM IST
Bhaskar Tiwari वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह का दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे बलिया जनपद और प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई। उमाशंकर सिंह बसपा के उत्तर प्रदेश विधानसभा में इकलौते विधायक थे और पार्टी के प्रमुख नेताओं में उनकी गिनती होती थी। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में संगठन के प्रति निष्ठा और जनता के बीच मजबूत पकड़ के दम पर एक अलग पहचान बनाई। वर्ष 2012 में रसड़ा विधानसभा सीट सामान्य होने के बाद उन्होंने बसपा के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लगातार तीन बार जनता का विश्वास हासिल करते हुए विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। 

अपने राजनीतिक सफर के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब दो लाभ के पद धारण करने के मामले में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई थी, लेकिन बाद में उनकी सदस्यता बहाल हो गई और उन्होंने सक्रिय राजनीति में मजबूती के साथ वापसी की। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जब बसपा का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा, तब उमाशंकर सिंह अकेले ऐसे उम्मीदवार थे जिन्होंने पार्टी को जीत दिलाकर विधानसभा में बसपा का प्रतिनिधित्व किया और एक नया राजनीतिक इतिहास रच दिया। राजनीति के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा चर्चा का विषय रही। उन्होंने सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। पहले 251 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराकर उन्होंने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया, जिसके बाद उन्होंने 351 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराकर फिर से सुर्खियां बटोरीं।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह, शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए उनके प्रयासों की क्षेत्र में व्यापक सराहना होती रही। यही कारण था कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ जिले से बाहर भी समाजसेवी नेता के रूप में विशेष पहचान बनाई। उनके निधन से बसपा को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है, वहीं उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता ने एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी नेता को खो दिया है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें