महाराष्ट्र की सियासत में शनिवार को बड़ा राजनीतिक मोड़ देखने को मिला, जब मुंबई मेयर पद को लेकर चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। बीजेपी ने घाटकोपर से पार्षद रितु तावड़े को मुंबई का अगला मेयर उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इसके साथ ही 25 साल पुराना राजनीतिक इतिहास बदल गया, क्योंकि यह पहली बार होगा जब मुंबई मेयर की कुर्सी शिवसेना के अलावा किसी दूसरी पार्टी के पास जाएगी।
मेयर पद के साथ-साथ डिप्टी मेयर को लेकर भी तस्वीर साफ हो गई है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के संजय घाड़ी को डिप्टी मेयर उम्मीदवार घोषित किया गया है। यह फैसला बीजेपी और शिंदे गुट के बीच लंबे समय से चल रही खींचतान के बाद सामने आया है।
चुनाव नतीजों के बाद बढ़ी थी सियासी खींचतान
मुंबई महानगरपालिका चुनाव के नतीजों के बाद से ही मेयर पद को लेकर बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। दोनों दलों के बीच पार्षदों की संख्या को लेकर गणित बेहद नाज़ुक था। इसी वजह से तोड़-जोड़ की आशंका भी लगातार जताई जा रही थी।
हालात इतने संवेदनशील हो गए थे कि एकनाथ शिंदे ने अपने पार्टी पार्षदों को सुरक्षित रखने के लिए होटल में शिफ्ट तक कर दिया था। सियासी गलियारों में यह चर्चा आम थी कि आखिरी वक्त तक मेयर पद पर सहमति बनना आसान नहीं होगा।
किस फॉर्मूले पर बनी सहमति?
आखिरकार बीजेपी और शिंदे गुट के बीच एक फॉर्मूले पर सहमति बनी। जानकारी के मुताबिक, डिप्टी मेयर पद को लेकर शिवसेना ने एक अनोखा रास्ता चुना है। पार्टी ने तय किया है कि उपमहापौर का कार्यकाल चार पार्षदों में बांटा जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा नेताओं को मौका मिल सके।
फिलहाल पहले चरण में संजय शंकर घाड़ी को डिप्टी मेयर उम्मीदवार घोषित किया गया है, जो करीब 15 महीने तक इस पद पर रहेंगे। इसके बाद अगले नामों की घोषणा की जाएगी।
अमित सातम और राहुल शेवाले ने किया ऐलान
शनिवार को बीजेपी नेता अमित सातम ने रितु तावड़े के नाम का औपचारिक ऐलान किया। वहीं शिवसेना नेता राहुल शेवाले ने डिप्टी मेयर पद के लिए संजय घाड़ी की उम्मीदवारी की घोषणा की। दोनों घोषणाओं के साथ ही मुंबई की सत्ता तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई।
रितु तावड़े पर बीजेपी का ‘3M फॉर्मूला’
बीजेपी ने रितु तावड़े को मेयर उम्मीदवार बनाकर रणनीतिक रूप से बड़ा दांव खेला है। पार्टी का यह फैसला ‘3M फॉर्मूला’ पर आधारित माना जा रहा है मराठी, महिला और मजबूत संगठनात्मक नेता।
रितु तावड़े मराठी चेहरा हैं, महिला आरक्षण की शर्त पर पूरी तरह फिट बैठती हैं और मुंबई बीजेपी की सीनियर व जमीनी नेता मानी जाती हैं। खासकर घाटकोपर पूर्व और पश्चिम में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना से मिल रही कड़ी चुनौती को देखते हुए बीजेपी के लिए यह चेहरा बेहद अहम माना जा रहा है।
मराठी मेयर का वादा पूरा
इस बार मुंबई मेयर का पद महिलाओं के लिए आरक्षित था। रितु तावड़े के नाम की घोषणा के साथ ही बीजेपी ने मराठी मेयर बनाने का अपना वादा भी पूरा कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह फैसला आने वाले समय में मुंबई की राजनीति और बीएमसी की दिशा दोनों तय करेगा।