फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar New CM: सम्राट चौधरी के पिता से लेकर परिवार का इतिहास

अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम Updated Tue, 14 Apr 2026 08:42 PM IST

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य की सत्ता अब सम्राट चौधरी के हाथों में आ गई है। सम्राट चौधरी के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने के साथ ही प्रदेश का राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया है। सत्ता परिवर्तन के इस घटनाक्रम ने जहां सत्ताधारी दल को नई दिशा देने की कोशिश की है, वहीं विपक्ष को हमले का नया मौका भी दे दिया है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट के जरिए बीजेपी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाए हैं।

अपने पोस्ट में रोहिणी ने लिखा कि बीजेपी अपनी स्थापना के 46 साल बाद भी बिहार में मजबूत नेतृत्व तैयार नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी न तो कभी अपने दम पर सरकार बना सकी, न ही किसी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर सकी। रोहिणी ने यह भी कहा कि बीजेपी के पास ऐसा कोई नेता नहीं है जिसे व्यापक जनस्वीकार्यता हासिल हो।

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि बीजेपी की “राजनीतिक कंगाली” इस बात से साफ होती है कि वर्षों की कोशिशों के बाद जब पार्टी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने में सफल हुई, तब भी उसे एक ऐसे नेता को मुख्यमंत्री बनाना पड़ा जो न तो आरएसएस की “नागपुरिया नर्सरी” से आता है और न ही बिहार बीजेपी की “बंजर बगिया” का उत्पाद है।

इतना ही नहीं, उन्होंने सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए उनके पुराने बयानों का जिक्र किया। रोहिणी ने कहा कि जिस व्यक्ति के पिता ने प्रधानमंत्री के खिलाफ विवादित बयान दिए थे और जिसने खुद नीतीश कुमार को “राजनीतिक रूप से खत्म करने” की बात कही थी, उसी को मुख्यमंत्री बनाया जाना बीजेपी की मजबूरी को दर्शाता है।

रोहिणी ने अपने बयान में बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी अब “घूमंतू नेताओं” के भरोसे चल रही है और उसका संगठन अंदर से खोखला हो चुका है। उन्होंने फर्जी डिग्री और जन्म प्रमाणपत्र जैसे आरोपों का जिक्र करते हुए भी बीजेपी पर सवाल उठाए।

वहीं, बीजेपी की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन पार्टी के नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में विकास को नई गति मिलेगी।

बिहार में इस राजनीतिक बदलाव के बाद अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नई सरकार किस तरह काम करती है और विपक्ष अपने हमलों को किस हद तक आगे ले जाता है। फिलहाल इतना तय है कि बिहार की सियासत आने वाले दिनों में और भी ज्यादा गरमाने वाली है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें