Bihar Elections 2025: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले काराकाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सांसद मनोज तिवारी द्वारा पवन सिंह की पत्नी और निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह को “वोट कटवा” कहने पर विवाद बढ़ गया है। ज्योति सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि वे जनता के समर्थन से चुनाव लड़ रही हैं, किसी पार्टी के इशारे पर नहीं।
दरअसल, काराकाट विधानसभा क्षेत्र के बिक्रमगंज में आयोजित एक जनसभा के दौरान भोजपुरी गायक व भाजपा सांसद मनोज तिवारी द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह को वोट कटवा कहे जाने पर अब ज्योति सिंह ने पलटवार किया है। ज्योति सिंह ने मनोज तिवारी को “आदरणीय और बड़ा भाई” बताते हुए उनका सम्मान किया, लेकिन उनके बयान का कड़ा खंडन किया। उन्होंने कहा कि “अगर विपक्षी पार्टियां मुझे चुनाव में उतारतीं, तो मेरे पास पार्टी का सिंबल होता और मैं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव नहीं लड़ती। दरअसल मेरे पास जनता का समर्थन है, इसलिए मैं निर्दलीय चुनाव मैदान में हूं।”
ज्योति सिंह ने स्वीकार किया कि मनोज तिवारी के बयान से उन्हें तकलीफ हुई है। उन्होंने कहा कि “मुझे पूरा भरोसा है कि काराकाट की जनता ही मनोज तिवारी को जवाब देगी। 14 नवंबर को उन्हें इसका जवाब मिल जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि “काराकाट की जनता से मुझे भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, जिसके लिए मैं उनकी आभारी हूं।”