महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर जारी रस्साकसी के बीच अब दिग्गज नेताओं की ओर से इस बात के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं कि एक से दो दिन के अंदर सीटों का बंटवारा हो जाएगा। हालांकि सीटों के बंटवारे को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "सीटों का बंटवारा लगभग हो चुका है, लेकिन आखिरी समय में कुछ दिक्कतें सभी पार्टियों में आती हैं, ये एनडीए में भी है और यहां भी। 1-2 दिन में सब कुछ घोषित हो जाएगा
वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने महागठबंधन के बीच सीट बटवारे को लेकर कहा, "कोई पेंच नहीं फंस रहा है। मुलाकात होगी तभी तो आगे सीटों के बटवारे की घोषणा होगी। भाजपा की जो उम्मीद है कि कोई पेंच फंस रहा है उस पर पानी फिर रहा है.हम सभी लोग मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।"
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने महागठबंधन के बीच सीटों के बटवारे पर कहा, "कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी पार्टी और अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान के अनुसार जीते हैं। गठबंधन धर्म सर्वोपरि है, चाहें छोटी पार्टी हो या बड़ी। गठबंधन महत्वपूर्ण है, बिहार की जनता महत्वपूर्ण है और INDIA गठबंधन का जीतना महत्वपूर्ण है, सीट महत्वपूर्ण नहीं है। यह चुनाव विनाश बनाम विकास पर आधारित है... राहुल गांधी के प्रेम, विकास और संघर्ष की ताकत पर ये चुनाव लड़ा जाएगा. उन्होंने आगे कहा, ".अब पार्टियां 'टेक्निकल' होती जा रही हैं। जमीन से सरकार कम चल रही है। हमें ऐसी चीजों से बचने की जरूरत है और कार्यकर्ता का सम्मान करने की जरूरत है।"
हालांकि सीट शेयरिंग को लेकर महागठबंधन हो या फिर एनडीए अभी दोनों की ओर से कोई फाइनल फैसला सामने नहीं आया है। लेकिन दोनों गठबंधन की ओर से इस बात संकेत दिए जा रहे हैं कि जल्द ही फैसला आ जएगा। लेकिन यहां पर देखना महत्वपूर्ण होगा कि आखिर सीट शेयरिंग पर आखिरी मुहर कब तक में लगती है। क्योंकि माना यही जा रहा है कि अभी सहयोगी के दलों के साथ बातचीत चल रही है। जब बातचीत पूरी हो जाएगी और सहयोगी दलों की ओर से आपसी सहमति बन जाएगी उसके बाद ही इसकी घोषणा की जाएगी ।