Arvind Kejriwal on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते कई दिनों से लगातार स्वदेशी उत्पादों की बिक्री और खरीद पर जोर दे रहे हैं। पीएम मोदी की इस अपील पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने तंज कसा है। अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वह खुद स्वदेशी को अपनाएं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि, लोग अपने प्रधानमंत्री से एक्शन की उम्मीद रखते हैं, प्रवचन की नहीं।
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री जी, आप चाहते हैं कि जनता स्वदेशी इस्तेमाल करे। आप ख़ुद स्वदेशी इस्तेमाल करना शुरू कीजिए? जिस विदेशी जहाज़ से रोज़ घूमते हैं, उसे छोड़ दीजिए? सारा दिन जितने विदेशी समान इस्तेमाल करते हैं, उन्हें छोड़ दीजिए।" केजरीवाल ने अपने ट्वीट में आगे लिखा, "आप भारत में काम कर रही चार अमेरिकी कंपनियों को बंद कर दीजिए? ट्रम्प रोज़ भारत और भारतीयों का अपमान कर रहा है। आप भी तो कुछ कीजिए? लोग अपने प्रधान मंत्री से एक्शन की उम्मीद रखते हैं, प्रवचन की नहीं।"
अरविंद केजरीवाल से पहले AAP सांसद संजय सिंह ने भी रविवार को तीखा हमला बोलते हुए स्वदेशी उत्पादों के लिए पीएम मोदी की वकालत और उनके GST सुधारों को संभालने के तरीके की आलोचना की थी।