Punjab Floods: पंजाब में बाढ़ की वजह से अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। 23 जिलों के 1902 से अधिक गांव पानी की चपेट में हैं, जिससे 3.84 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। बाढ़ की वजह से जान गंवाने वाले लोगों पारिवारिक सदस्यों के लिए राज्यसभा सदस्य एवं लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार मित्तल ने बड़ा एलान किया है।
एलपीयू के वाइस चांसलर अशोक कुमार मित्तल ने एलान किया है कि पंजाब में बाढ़ की वजह से जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिवार के एक-एक सदस्य को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी एवं उनकी शाखा संस्थानों में नौकरी दी जाएगी।
पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि, "हर जगह जलभराव और बाढ़ की स्थिति देखने को मिल रही है। लोग घरों की छत पर रहने के लिए मजबूर हैं। उनके सामान, मकान, खेती, मवेशियों और पशुओं का नुकसान हुआ है। मुझे लगता है कि पंजाब सरकार पूरी तरीके से उनकी मदद कर रही है। AAP का एक-एक कार्यकर्ता लोगों की मदद में लगा हुआ है। पंजाब वो राज्य है जिसने पूरी दुनिया में लोगों के लिए मदद की है। आज जब पंजाब को जरूरत है तो सभी लोगों को आगे आना चाहिए।"