लठियाणी। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लठियाणी में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए तीज का त्योहार बड़े उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। कक्षा नर्सरी से दूसरी तक के बच्चे इस अवसर पर पारंपरिक पंजाबी परिधानों में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पंजाबी लोकगीतों एवं मधुर पंजाबी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पंजाब की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों की सुंदर झलक प्रस्तुत की। तीज से जुड़े पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक गतिविधियों ने वातावरण को उल्लास और आनंद से भर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वरुण शर्मा जी ने बच्चों को तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत के परिचायक हैं।