फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना में RSS कार्यालय का घेराव, मनुस्मृति का पोस्टर फूंककर युवा कांग्रेस ने जताया विरोध

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में पार्टी का आंदोलन हिमाचल में लगातार तेज हो रहा है। मंगलवार को जिला युवा कांग्रेस ने ऊना में आरएसएस कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री विशेष रूप से शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा और आरएसएस की विचारधारा को लेकर भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मनुस्मृति की किताब का पोस्टर फूंककर विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जब उत्तराखंड में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे, उसके बाद कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया गया। उन्होंने इस कथित घटना को भाजपा और आरएसएस की संकीर्ण मानसिकता और जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए इसकी आलोचना की। अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति के किसी स्थान पर जाने के बाद उसका शुद्धिकरण कराया जाना सामाजिक भेदभाव वाली सोच को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह के व्यवहार की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे अनुसूचित जाति समाज से आते हैं और उनके साथ कथित तौर पर इस तरह का व्यवहार केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि इससे समाज के एक बड़े वर्ग और संविधान की भावना पर भी सवाल उठते हैं। अखिल अग्निहोत्री ने भाजपा और आरएसएस से जुड़े नेताओं से सामाजिक सोच में बदलाव लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में जाति आधारित भेदभाव और राजनीति को बढ़ावा देने के बजाय सामाजिक समानता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को आरएसएस कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस ने फिलहाल सांकेतिक और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा और आरएसएस की ओर से अपनी कथित सोच में बदलाव नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने भाजपा नेताओं के घरों और कार्यालयों के घेराव की भी चेतावनी दी। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि किसी दूसरे स्थान को शुद्ध करने की बात करने से पहले भाजपा और संघ से जुड़े लोगों को अपने मन और विचारों को शुद्ध करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस सामाजिक समानता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी। प्रशांत राय ने कहा कि मंगलवार का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन यदि भाजपा नेताओं का रवैया नहीं बदला तो युवा कांग्रेस आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुरमुख सिंह समेत शोंटी, गोल्डी सैणी, सुख सैणी, गौरव और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें