33वीं सब जूनियर थ्रो बॉल नेशनल चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर हिमाचल प्रदेश टीम का अभ्यास शिविर विधिवत रूप से आरंभ हो गया है। जिला ऊना के चयनित खिलाड़ियों का अभ्यास शिविर बंगाणा में लगाया गया, जिसका शुभारंभ थ्रो बॉल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। इसी क्रम में जिला हमीरपुर के खिलाड़ियों का अभ्यास शिविर सेंट सोल्जर कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सदोह में शुरू हुआ। शिविर का उद्घाटन सदोह पंचायत की प्रधान आशा देवी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। जानकारी के अनुसार 33वीं सब जूनियर थ्रो बॉल नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 25 दिसंबर से 28 दिसंबर तक बनारस (वाराणसी) में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चयनित हिमाचल प्रदेश की टीम के अभ्यास शिविर बंगाणा, सदोह और सोलन में आयोजित किए गए। जहां खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कड़ा और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।