राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला ऊना के चौकीमन्यार खंड द्वारा सेवा भारती के माध्यम से मंडी जिला के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भेजी गई। भारी बारिश व भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए संघ कार्यकर्ताओं ने सेवा-भाव से यह पहल की। संघ के स्वयंसेवकों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से खाद्य सामग्री, कपड़े, कंबल, दवाइयाँ व अन्य जरूरी वस्तुएं एकत्र कर पैकिंग की और सेवा भारती के माध्यम से मंडी भेजी गई। यह राहत सामग्री वहां के ज़रूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी, जो प्राकृतिक आपदा के चलते कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। चौकीमन्यार खंड के कार्यकर्ताओं ने बताया कि 'संघ सदैव सेवा कार्यों में आगे रहता है। संकट की इस घड़ी में हम अपने भाई-बहनों के साथ खड़े हैं।' उन्होंने समाज से भी अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य में सहयोग करें। इस मानवीय प्रयास में स्थानीय स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने तन, मन और धन से राहत कार्य में भाग लिया। सेवा भारती के माध्यम से भेजी गई यह मदद मंडी जिले के कई दुर्गम व प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने में सहायक होगी। आपदा में लोगों ने अपना सब कुछ खो दिया, घर, जमापूंजी, पशुधन और अब मंदिरों, टेंटों एवं राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।