नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊना जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.462 किलोग्राम चरस/कैनाविस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में बाइक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिला पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के अंतर्गत मादक पदार्थों के सेवन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, देर रात एसआईयू ऊना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने शिव मंदिर भरवाई के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को जांच के लिए रोका। उनकी पहचान चन्द्रमोहन शर्मा निवासी वार्ड नंबर-1, मरवाड़ी, तहसील घनारी, जिला ऊना और राहुल निवासी बबेहड़, तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चालक चन्द्रमोहन शर्मा के कंधे पर लटके पिट्ठू बैग से 3.462 किलोग्राम चरस/कैनाविस और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगामी जांच जारी है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने स्थानीय लोगों से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है।