पैरालंपिक खेलों में अपनी शानदार उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करने वाले निषाद कुमार ने आज मां चिंतपूर्णी के पावन दरबार में हाजिरी लगाई। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में पहुंचे निषाद ने मां के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी गगन कालिया ने उनका स्वागत किया और विशेष पूजा-अर्चना करवाई। निषाद कुमार, जो ऊंची कूद में पैरालंपिक पदक विजेता के रूप में विख्यात हैं, ने मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि साल 2025 मेरे लिए बेहद अच्छा रहा। इस वर्ष मेरी मेहनत रंग लाई और मैंने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा। उन्होंने बताया कि पैरालंपिक में अपनी सफलता के बाद वे मां के दरबार में मत्था टेकने का संकल्प पूरा करने आए हैं। निषाद ने भक्तों से अपील की कि वे खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाएं और युवाओं को प्रोत्साहित करें। यह पहली बार नहीं है जब निषाद कुमार ने चिंतपूर्णी मां का आशीर्वाद लिया हो। पहले भी वे अपनी सफलताओं के बाद यहां पहुंच चुके हैं।