विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी में चल रहे चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मोईन पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। आने वाले दो-तीन दिनों में छुट्टियों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत कर दिया है। इसी क्रम में डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने मोइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेला क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।मीडिया से बातचीत करते हुए डीएसपी राजकुमार ने बताया कि मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मोइन पुलिस थाना के नियमित स्टाफ के अलावा अन्य सब-डिवीजन और पुलिस मुख्यालय से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र और ट्रैफिक चेक पॉइंट स्थापित किए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।