उपमंडल अम्ब क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले गुग्गा जाहर वीर चकसराय में इन दिनों श्रद्धालुओं की विशेष आवाजाही देखी जा रही है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा बड़भाग सिंह में चल रहे होली मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीश नवाने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में श्रद्धालु गुग्गा जाहर वीर मंदिर में भी माथा टेककर आशीर्वाद ले रहे हैं। स्थानीय मंदिर के पुजारी अमृत राम ने जानकारी देते हुए बताया कि जो श्रद्धालु मैड़ी स्थित गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाने आते हैं, वे गुग्गा जाहर वीर मंदिर में भी श्रद्धा भाव से दर्शन कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रतीक है। पुजारी के अनुसार, होली मेले के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु परिवार सहित मंदिर में आकर पूजा-अर्चना करते हैं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों द्वारा सहयोग भी दिया जा रहा है। गौरतलब है कि मैड़ी में लगने वाला होली मेला पूरे उत्तर भारत में प्रसिद्ध है, जहां दूर-दराज से लोग पहुंचते हैं। ऐसे में गुग्गा जाहर वीर चकसराय में भी आस्था का विशेष माहौल बना हुआ है और क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नजर आ रहा है।