कुटलैहड़ विस क्षेत्र के गांव ऊपरला टांडा बाबा पहाड़िया मंदिर में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम ने श्रद्धा, भक्ति और संगीत से भरे माहौल में हजारों श्रद्धालुओं को एकत्रित किया। झंडा रस्म अदा होने के साथ ही बाबा के गुणगान का सिलसिला शुरू हुआ और पंडाल भक्ति में सराबोर हो गया। बाबा पहाड़िया मंदिर पंजैन के गद्दीनशीन बाबा अशोक कुमार जी और मैडम अल्का राणा के नेतृत्व में इस आयोजन ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडा रस्म से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में भाग लिया। झंडा रस्म बाबा के प्रति आस्था और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है और इसे विशेष धार्मिक मान्यता प्राप्त है। इसके बाद कीर्तन दरबार का आयोजन हुआ, जिसमें देश-प्रदेश के कई नामी फनकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। इस भव्य दरबार में विशेष आकर्षण रहे पंजाब के प्रसिद्ध भजन गायक अश्वनी वर्मा, जिन्होंने अपनी सुरीली आवाज़ और भक्ति से ओतप्रोत भजनों के माध्यम से बाबा पहाड़िया की महिमा का गुणगान किया। अश्वनी वर्मा के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और हर ओर भक्ति की गूंज सुनाई देने लगी। बाबा अशोक कुमार जी, जो बाबा पहाड़िया मंदिर पंजैन के वर्तमान गद्दी नशीन हैं, उन्हेंने भी अपनी मधुर और भावपूर्ण आवाज़ में बाबा की स्तुति की। उन्होंने श्रद्धालुओं को बाबा पहाड़िया जी की जीवन गाथा और उनकी दिव्य लीलाओं से अवगत कराया। उनके प्रवचनों और भजनों ने पंडाल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मैडम अल्का राणा ने भी आयोजन को सुचारु रूप से संचालन कर एक सशक्त नेतृत्व का परिचय दिया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया।