भरवाईं मुबारकपुर रोड थनिकपुरा के पास वीरवार सायं सात बजे के करीब एक बड़ा हादसा होने से टल गया। चंडीगढ़ से नगरोटा को जा रही एचआरटीसी की बस की प्रेशर पाइप फट गई और बस एक दम से बैक हो गई, लेकिन बस चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है कि इस घटना के समय बस में 45 सवारियां बैठी हुई थी, लेकिन थनिकपुरा के पास चढ़ाई पर चढ़ती हुई बस की प्रेशर पाइप फट गई। जिससे बस एकदम पीछे की ओर जाने लगी। जिससे बस में बैठी सवारियां भी घबरा गई, लेकिन ड्राइवर की होशियारी से बस काफी पीछे जाने के बाद रुक गई। जिसके बाद ड्राइवर ने बस में बैठी सभी सवारियों को बस से उतारा और बस को साइड में लगवाया। वहीं, मौके पर चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जयराम शर्मा भी पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में सारी सवारियां सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरी बस में बैठाकर घरों को भेजा गया है।