उपमंडल अंब और बंगाणा क्षेत्र को जोड़ने वाली जंदोह-सोहारी-टकोली सड़क की हालत इन दिनों बेहद दयनीय बनी हुई है। सड़क की ऊपरी सतह कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिसके कारण मार्ग पर पत्थर और धूल फैली हुई है। इससे न केवल वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण यात्रा करना मुश्किल हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर सड़क उखड़ने से गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालक संतुलन खो देते हैं और गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई है, जिसके कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। धूल और पत्थरों के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। तेज हवा चलने या वाहनों के गुजरने पर उड़ने वाली धूल आसपास के लोगों के लिए भी समस्या बन जाती है। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और हादसों की आशंका को कम किया जा सके। वाहन चालक हरमिहेंद्र सिंह ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन काफी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि विभाग को जल्द से जल्द इसकी मरम्मत करवानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं स्थानीय निवासी रवि कुमार का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक गिर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। उन्होंने विभाग से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता वीरेंदर वर्मा ने बताया कि जंदोह–सोहारी–टकोली सड़क की खराब स्थिति की जानकारी विभाग को मिल चुकी है। विभाग द्वारा सड़क का निरीक्षण कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जैसे ही टेंडर अवार्ड होगा, वैसे ही सड़क के मरम्मत कार्य को शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आने-जाने में हो रही परेशानी से राहत मिल सकेगी।