अंतर जिला स्तरीय सीनियर क्रिकेट टीम के चयन के लिए रविवार को स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम पर ट्रायल का आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर हुए ट्रायल को जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में संपूर्ण कराया गया। इसमें जिले के विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 50 खिलाड़ियों ने भाग लिया। फिलहाल ट्रायल में चयनित खिलाड़ी यहां लगने वाले शिविर में भाग लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने पर आगामी 17 मई से प्रदेश स्तरीय क्रिकेट स्पर्धा के लिए अंतिम टीम का हिस्सा बनेंगे। रविवार को हुई ट्रायल प्रक्रिया में पूर्व रणजी खिलाड़ी अशोक ठाकुर व क्रिकेट कोच राहुल शर्मा ने सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के हुनर को परखा। ट्रायल के बाद 30 संभावित खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मदन पुरी ने बताया कि 50 से ज्यादा खिलाड़ी ट्रायल में भाग लेने पहुंचे। इसमें से बल्लेबाजी, तेज व धीमी गति के गेंदबाज, बेहतर क्षेत्ररक्षण, विकेट कीपिंग आदि खिलाड़ियों का हुनर परखा गया। कोच राहुल शर्मा ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता 17 में से शुरू हो रही है। यह दो चरणों में आयोजित होगी। जिला ऊना की टीम दूसरे चरण से भाग लेगी। पहला चरण में इंदिरा गांधी खेल मैदान व संतोषगढ़ के पीसीपीए मैदानों पर विभिन्न टीमों के बीच मैच होंगे। दूसरे चरण में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी।