हिमाचल पेंशनर्स संघ खंड ऊना के चुनाव गुरुवार को होटल पारस में आयोजित किए गए। बैठक की अध्यक्षता ऊना खंड के प्रधान रोशन लाल चौधरी ने की। इस दौरान प्रदेश वित्त सचिव सचिव ओम राज कंवर व गगरेट खंड के प्रधान रामपाल शर्मा ने बतौर चुनाव पर्यवेक्षक अपनी भूमिका निभाई। इसके अलावा हिमाचल पेंशनर्स संघ के प्रदेश संरक्षक रमेश भारद्वाज विशेष रूप से बैठक में मौजूद रहे। इस मौके पर सर्वसम्मति से रोशन लाल चौधरी को प्रधान, शिवकुमार धीमान को महासचिव, राजेंद्र कुमार धीमान को वरिष्ठ उप प्रधान व रामपाल शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। इस दौरान पेंशनरों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्य वित्त सचिव ओम राज कंवर ने बताया कि पेंशनर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपना पक्ष रख रहे हैं। लेकिन हर बार आश्वासन मिलने के अलावा कुछ नहीं हो पाया है। पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान भी नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में पेंशनरों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो पेंशनर हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। इस मौके पर रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पेंशनरों ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है वह इसको बखूबी निभाएंगे।