विश्व की सबसे पुरानी बोस्टन मैराथन में डबल स्टार रैंकिंग हासिल करने वाले एसएसबी के डीआईजी मुकेश कुमार का अंब में जोरदार स्वागत किया गया। मैराथन में भाग लेने के बाद शुक्रवार को वंदे भारत एक्सप्रेस से अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एसएसबी के अधिकारियों की तरफ से फूल मालाएं पहनाकर एसएसबी के डीआईजी का स्वागत किया गया। बोस्टन मैराथन 1897 में प्रारंभ हुई थी। इसे विश्व की प्राचीनतम मैराथन का खिताब हासिल है। मैराथन बॉस्टन ऐथलेटिक्स ऐसोसिएशन की तरफ से आयोजित की जाती है। लगभग 42.195 किलोमीटर लंबी यह मैराथन हर वर्ष अप्रैल माह के तीसरे सोमवार को आयोजित की जाती है। इस वर्ष इसकी 128वीं मैराथन का आयोजन 15 अप्रैल को किया गया। इसमें सीटीसी एसएसबी सपड़ी के डीआईजी ने भी भाग लिया और मैराथन को पूरा कर डबल स्टार रैंकिंग हासिल की।