उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बेरियां में नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन चिंतपूर्णी क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने किया। यह भवन 10 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जिसमें से 9 लाख रुपये मनरेगा के तहत और 1 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में व्यय किए गए हैं। इस अवसर पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पंचायत में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना है ताकि आम जनता को सुविधाएं उनके द्वार पर मिल सकें। उन्होंने बताया कि गरनी खड्ड पर बनने वाले पुल के निर्माण के लिए 6 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है और जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। विधायक ने आगे कहा कि क्षेत्र की चौकी मन्यार–बेरियां सड़क के सुधार हेतु 29 लाख रुपये, जबकि कृष्णा नगर–बेरियां सड़क मार्ग के लिए 26 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्य शीघ्र ही आरंभ किए जाएंगे जिससे ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर एसडीएम सोनू गोयल, एसडीओ लोक निर्माण विभाग जोल, एसडीओ जल शक्ति विभाग, एसडीओ बिजली बोर्ड, तथा बीडीओ बंगाणा सुशील शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।