महाराणा प्रताप राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. वीके दत्ता शामिल हुए। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कॉलेज के प्राचार्य प्रो दर्शन कुमार और सभी स्टाफ सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर एनसीसी, एनएसएस और रोवर रेंजर के सदस्यों ने मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि छात्र जीवन में खेलों का विशेष महत्व है और इससे विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास होता है। प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष वर्ग में गगनदीप चौधरी और महिला वर्ग में स्वाति ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया। अन्य स्पर्धाओं में शॉटपुट में अर्पित और नीतिका, लंबी कूद में अनिकेत चौधरी और जिया, तथा ऊंची कूद में अक्षित राणा और अदिति ठाकुर ने पहला स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो में अभिषेक और नीतिका, जबकि जैवलिन थ्रो में अनिकेत चौधरी और नीतिका ने बाजी मारी। यह पूरी प्रतियोगिता शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. पवन पटियाल की देखरेख में संपन्न हुई। इस मौके पर कॉलेज की उपाचार्य प्रो. रेखा शर्मा और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रोफेसर सुखदेव ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।