भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था का आरोप लगाया है। अंब में पत्रकार वार्ता के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास ने कहा कि देवभूमि कहलाने वाला हिमाचल अब अपराधियों की कर्मभूमि बनता जा रहा है। ऊना जिले में गोलीकांड, हत्या, स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। हाल ही में जखेड़ा गोलीकांड का पीड़ित जीवन-मौत से जूझ रहा है, जबकि आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। बसाल, घालूवाल और टाहलीवाल में भी आपराधिक घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी वारदातें अब यूपी-बिहार नहीं, बल्कि हिमाचल में आम हो गई हैं। लडोली पंचायत में एक ही दिन दो घरों में चोरी और टाहलीवाल में दुकानों में सेंधमारी हुई, पर कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। पंचायती राज चुनाव टालने पर उन्होंने तंज कसा कि जब मेले, स्कूल और धार्मिक कार्यक्रम सुचारु रूप से चल रहे हैं, तो चुनाव टालने का औचित्य क्या है।