नंगल। नया नंगल स्थित एनएफएल (नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड) के गोल्फ मैदान में खाद बनाने के लिए रखे घास में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। आग का धुआं कई किलोमीटर तक फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही एनएफएल फायर ब्रिगेड और नंगल नगर काउंसिल की करीब छह फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जेएस मोटर ट्रांसपोर्ट के मालिक जसपाल सिंह सैनी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी शाम पांच बजे मिली। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर अपनी तीन टैंकर गाड़ियां, जिनके डीजल टैंक भरे हुए थे, वहां से सुरक्षित हटा लीं। समय रहते टैंकर हटाने से बड़ा हादसा टल गया। एनएफएल इकाई के अधिकारी राजेश वासुदेव ने बताया कि घास को खाद बनाने के लिए रखा गया था। संभवतः किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है, क्योंकि गोल्फ ग्राउंड के साथ नया नंगल सेक्टर-2 का मुख्य मार्ग गुजरता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में कोई जानी या माली नुकसान नहीं हुआ है।