फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन अस्पताल में दवाइयों की कमी, छह माह से बंद ऑक्सीजन प्लांट पर भाजपा ने उठाए सवाल: शैलेंद्र

सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भाजपा शहरी मंडल ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने सरकारी अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की कमी, करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के छह महीने से बंद होने और नए अस्पताल के निर्माण में डेढ़ वर्ष की देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल से इन समस्याओं को लेकर जवाब मांगा है। शैलेंद्र ने आरोप लगाया कि सोलन अस्पताल में रक्तचाप, शुगर, पैंटोप्राजोल और ग्लूकोज जैसी जरूरी दवाइयां कई महीनों से उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते मरीजों को बाजार से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कोविड काल में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के पिछले छह महीने से बंद होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि प्लांट बंद होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग बाजार से ऑक्सीजन खरीद रहा है। भाजपा मंडल ने प्लांट के बंद रहने के कारणों की जांच कराने और बाजार से खरीदी जा रही ऑक्सीजन पर होने वाले खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही प्लांट को जल्द चालू करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की बात कही है। शैलेंद्र ने नए अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण डेढ़ वर्ष पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक यह तैयार नहीं हुआ है। उनके अनुसार, इससे मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से नए अस्पताल के निर्माण की स्थिति स्पष्ट करने और इसे पूरा करने की समयसीमा सार्वजनिक करने की मांग की। शैलेंद्र ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 415 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई है। उन्होंने सवाल किया कि इतनी वित्तीय सहायता और चिकित्सा शिक्षा के अवसरों के बावजूद सोलन अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की कमी क्यों बनी हुई है। उन्होंने सोलन शहर में पेयजल संकट और सड़कों की खराब स्थिति को भी गंभीर समस्याएं बताया। भाजपा मंडल ने सरकार से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र चालू करने और नए अस्पताल का निर्माण पूरा करने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें