राजकीय महाविद्यालय सोलन में आज सात दिवसीय एनएसएस के विशेष आवासीय शिविर का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। यह शिविर 18 से 24 दिसंबर तक चलेगा। शिविर का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह सोनी और डॉ. प्रियंका मुल्तानी के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर के उद्घाटन समारोह में राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया। अपने संबोधन में डॉ. कोहली ने स्वयंसेवियों को अनुशासन में रहने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस टीम का हिस्सा बनकर छात्र न केवल एक अच्छे नागरिक बन सकते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।