पूर्व सैनिक सामुदायिक भवन नालागढ़ में शुक्रवार को बीबीएन पूर्व सैनिक लीग की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता लीग के अध्यक्ष शिवलाल वर्मा ने की। इसमें नालागढ़ स्थित ईसीएचएस के प्रभारी कर्नल कुलदीप सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में पूर्व सैनिकों ने नालागढ़ में संचालित सीएसडी कैंटीन काउंटर से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने बताया कि काउंटर पर स्टाफ की कमी है और जरूरत के मुताबिक सामान भी पूरा उपलब्ध नहीं हो पाता। पूर्व सैनिकों ने मांग की कि मौजूदा काउंटर को स्तरोन्नत कर पूर्ण सीएसडी कैंटीन का दर्जा दिया जाए। पूर्व सैनिकों का कहना था कि नालागढ़ में सीएसडी कैंटीन काउंटर होने के बावजूद यहां पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा सामान की उपलब्धता भी पूरी नहीं रहती। ऐसे में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बैठक में सदस्यों ने संबंधित स्तर पर इस समस्या का समाधान करने और नालागढ़ के काउंटर को पूर्ण कैंटीन में स्तरोन्नत करने की मांग रखी। लीग के अध्यक्ष शिवलाल वर्मा ने 26 जुलाई को आयोजित कारगिल विजय दिवस समारोह के सफल आयोजन पर सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने पूर्व सैनिक लीग की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों को लेकर भी चर्चा की। बैठक में मौजूद ईसीएचएस नालागढ़ के प्रभारी कर्नल कुलदीप सिंह ने लीग की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने लीग को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में लीग के उपाध्यक्ष कैप्टन सुरेश, सचिव कैप्टन शमशेर चौहान, कैप्टन कमल कुमार, रूपलाल चंदेल, जगतार सिंह, रामलाल ठाकुर, कैप्टन पोहु लाल, कैप्टन विश्वनाथ शर्मा, मदन लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।