कसौली के जगजीत नगर-शक्ति घाट मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चामियां पंचायत के समीप एक आई-20 कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। सौभाग्य से कार गहरी खाई में गिरने के बजाय एक रिहायशी मकान के लेंटर पर जाकर अटक गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। आई-20 कार जगजीत नगर से शक्ति घाट की ओर जा रही थी। चामियां पंचायत के पास पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई। इसके चलते उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क पार करते हुए नीचे ढलान की ओर उतर गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर मदद की। राहत की बात यह रही कि कार गहरी खाई में नहीं गिरी और बड़ा हादसा होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।