करवाचौथ को लेकर वीरवार को सोलन के बाजारों में खूब चहल-पहल देखने को मिली। त्योहार के चलते लोअर बाजार में खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा बाजार लोगों से भरा नजर आया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं त्योहार की तैयारियों के लिए खरीदारी करती दिखीं। करवाचौथ के चलते मालरोड पर मिठाई की दुकानों में भी लोगों की भीड़ रही। त्योहार के लिए मिठाइयां खरीदने पहुंचे लोगों के कारण दुकानों पर रौनक बनी रही। वहीं, मेहंदी लगवाने के लिए भी महिलाएं कई स्थानों पर कतारों में अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। त्योहार के मद्देनजर प्रशासन ने मालरोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी थी। इससे बाजार में पैदल खरीदारी करने वाले लोगों को सुविधा मिली और उन्हें वाहनों की आवाजाही के कारण होने वाली परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। करवाचौथ के चलते शहर के बाजारों में त्योहार का माहौल देखने को मिला।