हरियाणा में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को अपने चंडीगढ़ सेक्टर-7 स्थित आवास पर कांग्रेस विधायकों को लंच के लिए बुलाया। इसे पार्टी की अहम ‘लंच डिप्लोमेसी’ माना जा रहा है, जहां राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय होने के साथ क्रॉस वोटिंग के खतरे से निपटने की योजना पर भी चर्चा हुई। लंच कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के सभी विधायक शिमला रवाना हुए। शुक्रवार शाम को तीन ट्रेवलर समेत 10 गाड़ियों में विधायक सोलन से शिमला की ओर रवाना हुए। सोलन से काफिला करीब 6:20 बजे शिमला की ओर निकला। शिमला में विधायकों के आगमन के लिए तैयारियां पूरी हैं।