राजकीय महाविद्यालय सोलन के रोड सेफ्टी क्लब की ओर से शनिवार को को सड़क सुरक्षा शपथ एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने छात्र-छात्राओं तथा महाविद्यालय के शिक्षकों व गैर-शिक्षक कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद विद्यार्थियों की ओर से महाविद्यालय परिसर से कोटला नाला चौक तक सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नारों एवं स्लोगनों के माध्यम से आम लोगों तथा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह शपथ ग्रहण एवं रैली सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई है तथा इस अभियान के तहत महाविद्यालय का रोड सेफ्टी क्लब विभिन्न गतिविधियाँ निरंतर संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि रैली में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आयोजन में रोड सेफ्टी क्लब की सदस्य डॉ. वंदना गुप्ता, डॉ. रविराम, डॉ. कात्यायनी शर्मा, डॉ. अलीशा चौहान सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक सिद्ध होते हैं तथा आम जनमानस को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सकता है।