हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों में सुविधाओं को बढ़ाने को लेकर शुरू की गई योजना के तहत बुधवार को समाजसेवी प्रदीप सहोत्रा ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला चकरेडा को गोद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने इसी स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है। ऐसे में अपने स्कूल को गोद लेकर यहां सुविधाएं बढ़ाने का मौका मिल रहा है जिसके तहत वह यहां पढ़ाई कर रहे छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ोतरी लाने को लेकर प्रयास करेंगे। इस दौरान मौके पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी महिमादत्त शर्मा ने समाजसेवी प्रदीप सहोत्रा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा खंड नाहन व आसपास के शिक्षा खण्डों में प्रदीप सहोत्रा पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने किसी सरकारी स्कूल को गोद लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्कूल में छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।