यूको आरसेटी सिरमौर द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को नाहन में रामाधौण पंचायत में चल रहे 14 दिवसीय जूट उत्पाद बनाने की बुनियादी बातें.., प्रशिक्षण कार्यक्रम का आधिकारिक अवलोकन किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में 31 प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। अवलोकन के दौरान यूको आरसेटी की निदेशक मंजीत ने प्रशिक्षण ले रहे बैच को संबोधित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को न केवल जूट उत्पाद बनाने की बारीकियां सिखाईं, बल्कि बैंकिंग योजनाओं, ऋण सुविधाओं और मार्केटिंग (बाजार प्रबंधन) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरसेटी का मुख्य उद्देश्य 18 से 50 वर्ष के लोगों को कौशल सिखाकर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। निदेशक ने बताया कि होली के त्यौहार के बाद संस्थान में दो नए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शुरू किए जाएंगे। इसमें 10 दिवसीय मशरूम की खेती का प्रशिक्षण और 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का प्रशिक्षण शामिल है।