सिरमौर जिले में मानसून की लगातार बारिश से सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन और अन्य बारिश जनित घटनाओं के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में सड़कों और अन्य ढांचागत नुकसान का प्रारंभिक आकलन करीब 53 करोड़ रुपये किया है। नाहन में मीडिया से बातचीत करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि नुकसान की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। विभाग की प्राथमिकता बंद सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करना है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह तक सिरमौर में 14 सड़कें बंद थीं। इनमें संगड़ाह, नाहन और शिलाई क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। बंद मार्गों को खोलने के लिए विभाग की मशीनरी और कर्मचारी मौके पर काम कर रहे हैं। विभाग ने मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में देर शाम तक 10 सड़कों को बहाल करने का लक्ष्य रखा है। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि बारिश के दौरान दोबारा भूस्खलन होने से सड़कें फिर बंद हो सकती हैं। ऐसे में सड़क बहाली का काम मौसम की स्थिति पर भी निर्भर करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।