उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कफोटा में मंगलवार को विज्ञान प्रयोगशाला भवन का शुभारंभ किया। इस विज्ञान प्रयोगशाला पर सीएसआर के माध्यम से 10 लाख रुपये खर्च किये गए हैं। विज्ञान प्रयोगशालाओं में कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित विषय संबंधी समस्याओं और नियमों, तर्कों व सूत्रों को बेहतर ढंग से समझाया जाएगा, जिससे बच्चों की इन विषयों के प्रति रूचि भी बढ़ेगी। इससे विद्यालय में अध्य्यनरत 222 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। विज्ञान प्रयोगशाला भवन के उद्घाटन के बाद उद्योग मंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई विज्ञान व गणित विषय पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। अपने संबोधन में उद्योग मंत्री ने बताया कि क्षेत्र के 11 स्कूलों में सीएसआर के माध्यम से विज्ञान प्रयोगशालाएं तैयार की गई हैं। प्रत्येक पर 10 लाख रुपये खर्च हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक व मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर नेस्ले जिज्ञासा परियोजना की प्रबंधक मीनाक्षी, जयदीप, अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक रमेश कुमार और उप निदेशक उच्च शिक्षा विजय राघव व प्रधानाचार्य कफोटा इंद्र मोहन ने मुख्य अतिथि को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम कफोटा रमन कुमार शर्मा, बीडीओ तिलोरधार राजेश नेगी, स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।