पांवटा साहिब में महिला यात्रियों के लिए मंगलवार से परिवहन की एक नई पहल शुरू हो गई है। शहर की सड़कों पर अब दो पिंक ऑटो दौड़ेंगे। इन ऑटो में केवल महिला यात्रियों को ही आवागमन की सुविधा मिलेगी। मंगलवार को आरटीओ सिरमौर सोना चंदेल ने हरी झंडी दिखाकर दोनों पिंक ऑटो को रवाना किया। इस दौरान नई सेवा की शुरुआत को लेकर उत्साह नजर आया। पिंक ऑटो के संचालन से शहर में आने-जाने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में यह अपनी तरह की एक नई शुरुआत है। पिंक ऑटो को विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में संचालित किया जाएगा। इससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आवागमन के लिए एक अलग परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। पांवटा साहिब में शुरू हुई इस पहल को महिला यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।