राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहलियों में मंगलवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत एक भव्य विज्ञान और गणित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के नन्हे वैज्ञानिकों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी सोच का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न कार्यशील मॉडल प्रदर्शित किए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य पूनम वर्मा, शिक्षकों और एसएमसी सदस्यों ने बच्चों के बनाए मॉडल का जायजा लिया उनके प्रयासों की सराहना की। अंग्रेजी की शिक्षिका पूनम कुमारी ने बताया कि विद्यार्थियों ने विज्ञान शिक्षक शालू धीमान के सहयोग से वैज्ञानिक सिद्धांतों को मॉडलों के माध्यम से जीवंत किया। साथ ही, गणितीय सूत्रों को सरल ढंग से समझाने वाले आकर्षक चार्ट्स भी प्रदर्शित किए गए। प्रधानाचार्या पूनम वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और उनमें कुछ नया सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है। अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों ने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों को देखकर खुशी जाहिर की और विद्यालय के इस प्रयास की प्रशंसा की।