जिला टीबी फोरम व जिला क्षय रोग उन्मूलन समिति की बैठक वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने की। उपायुक्त ने सभी पंचायतों में टीबी फोरम समितियां बनाने के आदेश दिए। इनमें उप-प्रधान, मेडिकल अधिकारी, सदस्य सचिव, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व पंचायत सदस्य भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह समितियां अपने क्षेत्र में टीबी उन्मूलन के प्रति लोगों को जागरूक करेगी तथा टीबी की रोगियों को चिन्हित भी करेंगी। इन समितियों के माध्यम से टीबी के लक्षण वाले रोगियों को पहचान कर, सरकार द्वारा उपलब्ध सुविधाएं तथा आवश्यक दिशा निर्देशों के बारे जागरूक किया जाएगा। उन्होंने टीबी उन्मूलन का एजेंडा ग्राम सभा की बैठक में आवश्यक रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उपायुक्त ने कहा कि क्षय रोग उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाए, जो टीबी के मरीजों को गोद लेंगे और उनको आवश्यक आहार संबंधी सुविधाएं प्रदान करेगे। जिला सिरमौर में अभी तक 55 निक्षय मित्र बने है, जिन्होंने टीबी के मरीजों को गोद लिया है। मेसर्ज तिरुपति मेडिकेयर लिमिटेड पांवटा द्वारा जिला के सभी टीबी मरीजों को प्रोटीन पाउडर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला की जो पंचायतें लगातार 3 वर्षो तक टीबी मुक्त रहेगी उन्हें गोल्ड मेडल दिया जाएगा। सिरमौर जिला में इस वर्ष 20 पंचायतों को टीबी मुक्त होने के लिए सिल्वर मेडल से नवाजा जाएगा। इस अवसर पर टीबी रोग से मुक्त हुए चैंपियन ने अपने विचार सांझा किए। बैठक का संचालन जिला टीबी अधिकारी निसार अहमद ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।