नाहन शहर के पक्का टैंक में नगर परिषद नाहन की ओर से नवनिर्मित दो मंजिला पार्किंग की उद्घाटन पट्टिका हटाने का मामला शांत होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस पार्किंग का नगर परिषद नाहन की अध्यक्षा श्यामा पुंडीर ने बुधवार को लोकार्पण किया था लेकिन उद्घाटन पट्टिका चंद ही मिनट के बाद हटा दी गई थी। इससे खफा भाजपा समर्थित पार्षदों और नेताओं ने शुक्रवार दोपहर को शहर के बड़ा चौक में कांग्रेस सद्बुद्धि हवन यज्ञ किया। भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता के नेतृत्व में किए इस यज्ञ में भाजपा समर्थित पार्षदों और नेताओं ने पूर्णाहुति डालकर भगवान से कांग्रेसियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। इस हवन यज्ञ के बाद बड़ा चौक में हलवे का प्रसाद भी वितरित किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेता भाजपा की ओर से करवाए गए विकास कार्यो का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाहन के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने शहर को करोड़ों रुपये की सौगात दी। उनकी उद्घाटन और शिलान्यास पट्टिकाओं को लगातार तोड़ा जा रहा है। इस मौके पर नगर परिषद नाहन की अध्यक्षा श्यामा पुंडीर, वार्ड नंबर विक्रम वर्मा, नीलम सैनी, अशोक विक्रम, प्रदीप विज, धीरज गर्ग, मनोज गर्ग समेत अन्य पार्षद और भाजपा नेता मौजूद रहे।